How to start Datacenter or Domain and hosting business ?
Top Digital Marketing Companies
Top Flutter App Development Companies
How to earn money Online ?
How to start Ecommerce business ?
इंसानी खोपड़ियों से बने बर्तन, मानव त्वचा की कुर्सियां; अमेरिका का सबसे खौफनाक सीरियल किलर
BBDS App Download
× Bindass Bol Home About News Contact Search

T20 की हार के बाद भारत ए महिला टीम का शानदार कमबैक, ऑस्ट्रेलिया ए को 3 विकेट से चटाई धूल

यास्तिका भाटिया ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को किया धराशाई

यास्तिका भाटिया ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को किया धराशाई

India A Women Vs Australia A Women Cricket Match: टी20 सीरीज में 3-0 की करारी हार के बाद भारत ए महिला टीम ने जोरदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम को पहले वनडे में 3 विकेट से शिकस्त दी. ब्रिस्बेन के इयान हीली ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 215 रन का लक्ष्य 42 ओवर में हासिल कर लिया.या स्तिका भाटिया की शानदार पारी और निचले क्रम के बल्लेबाजों के दमदार योगदान ने टीम को जीत दिलाई.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम 47.5 ओवर में 214 रन पर सिमट गई. टीम के लिए अनिका लिरॉयड ने नाबाद 92 रन की बेहतरीन पारी खेली और पारी को संभालने का काम किया. राचेल ट्रेनामन ने भी 51 रन बनाए. हालांकि भारत ए की गेंदबाजी ने लगातार दबाव बनाए रखा. राधा यादव ने 3/45 और मिन्नू मणि ने 2/38 के आंकड़े के साथ शानदार गेंदबाजी की.

टीम इंडिया के लिए टीटस साधु और शबनम शकील ने शुरुआती झटके दिए, जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 पर तीन विकेट हो गया. इसके बाद लिरॉयड ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 200 के पार पहुंचाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए की शुरुआत जोरदार रही. यास्तिका भाटिया और शैफाली वर्मा (36) के बीच 77 रन की साझेदारी हुई. यास्तिका ने 59 रन बनाए. 

हालांकि, मध्यक्रम में अचानक गिरावट आई और टीम का स्कोर 140/2 से 166/5 हो गया, लेकिन राघवी बिष्ट (नाबाद 25) ने कप्तान राधा यादव (19) के साथ मिलकर पारी को संभाला. पारी में अतिरिक्त रनों (32) का भी अहम योगदान रहा, जिसकी बदौलत भारत ने आठ ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. 

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एला हेवर्ड ने 2/46 के आंकड़े के साथ सबसे ज्यादा विकेट लिए, लेकिन साझेदारियों की कमी ने टीम को महंगा पड़ा. अब भारत ए महिला टीम 15 अगस्त को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

स्कोर कार्ड
ऑस्ट्रेलिया ए महिला: 214 रन, 47.5 ओवर (अनिका लिरॉयड 92 नाबाद, राचेल ट्रेनामन 51; राधा यादव 3/45, मिन्नू मणि 2/38)
भारत ए महिला: 215/7, 42 ओवर (यास्तिका भाटिया 59, शैफाली वर्मा 36; एला हेवर्ड 2/46)
रिजल्ट: भारत ए ने 3 विकेट से जीत दर्ज की.


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Raihan

13 Aug 2025  ·  Published: 19:38 IST

विजय रथ पर सवार दक्षिण अफ्रीका की बैक टू बैक जीत; पाकिस्तान को 150 रन से रौंदा

अर्धशतकीय पारी के दौरान शॉट लगाती लूस

अर्धशतकीय पारी के दौरान शॉट लगाती लूस

South Africa Women vs Pakistan Women Match: कप्तान लॉरा वोलवार्ट की अगुवाई में मंगलवार (21 अक्टूबर) दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच भारी बारिश से प्रभावित मैच खेला गया. दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बारिश से प्रभावित महिला एकदिवसीय विश्व कप मैच में पाकिस्तान को 150 रन से रौंद दिया. इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका के शीर्ष पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.

इस मैच से दक्षिण अफ्रीका की टीम के छह मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हो गए हैं, जिससे टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर है. वहीं, टूर्नामेंट में अब तक पहली जीत का इंतजार कर रही पाकिस्तान की टीम दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर है. दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, जबकि पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है.

दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट ने 82 गेंदों में 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने सुने लूस (61 रन, 59 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की और टीम के 40 ओवर में नौ विकेट पर 312 रन के मजबूत स्कोर की नींव रखी.

इसके बाद अनुभवी मारिजेन कैप ने नाबाद 68 रन (43 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) और नेदिन डि क्लर्क ने 41 रन (16 गेंद, तीन चौके, चार छक्के) की तूफानी पारी खेलते हुए अंतिम ओवरों में टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया. इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की नींद उड़ा दी.

पाकिस्तान की तरफ से नाशरा संधू ने 45 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि सादिया इकबाल ने 63 रन देकर तीन विकेट चटकाए. बारिश के कारण मैच में कई बार व्यवधान आया और आखिरकार पाकिस्तान को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत 20 ओवर में 234 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. लेकिन टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोते हुए केवल सात विकेट पर 83 रन ही बना पाई.

दक्षिण अफ्रीका की कैप ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. उन्होंने सलामी बल्लेबाज ओमैमा सोहेल (06), सिदरा अमीन (13) और आलिया रियाज (03) को पवेलियन भेजा. नोनदुसिमो शेनगेस ने 19 रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने नतालिया परवेज (20) और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना (02) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की आसान जीत सुनिश्चित की.

पाकिस्तान की तरफ से नतालिया परवेज और सिदरा नवाज (नाबाद 22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाईं. दक्षिण अफ्रीका ने बल्लेबाजी की शुरुआत करने के बाद दूसरे ओवर में ही ताजमिन ब्रिट्स (00) का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने फातिमा की गेंद पर नतालिया परवेज को कैच थमाया. इसके बाद लॉरा वोलवार्ट और सुने लूस ने पारी को संभाला. दोनों ने अर्धशतक जड़े और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.

लूस के आउट होने के बाद वोलवार्ट ने अनुभवी कैप के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की. लॉरा ने विकेट के चारों ओर आकर्षक शॉट खेले और अपनी पारी में आक्रामकता बनाए रखी. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा ने आठ ओवर में 69 रन लुटाए. उनकी गेंदबाजी पर आठ चौके और तीन छक्के लगे.

अंतिम ओवरों में डि क्लर्क ने अपनी फिनिशर की भूमिका को और मजबूत करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के मारे. डि क्लर्क ने ऑफ स्पिनर सादिया पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का मारा और फातिमा की गेंद पर भी दो छक्के लगाए.

मारिजेन कैप ने भी सादिया पर छक्का मारा और फिर फातिमा की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया. इस तरह दक्षिण अफ्रीका की टीम ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का संयोजन करते हुए पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराया. इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने न केवल अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया बल्कि टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत का रिकॉर्ड भी बनाया. वहीं, पाकिस्तान की टीम को अब टूर्नामेंट में पहली जीत का इंतजार करना होगा.


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Raihan

22 Oct 2025  ·  Published: 01:17 IST

ऑस्ट्रेलिया को घर में मिली 34 साल बाद सबसे बड़ी हार, मार्करम-बावुमा-महाराज के सामने टेके घुटने

ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीक से मिली शर्मनाक हार

ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीक से मिली शर्मनाक हार

South Africa vs Australia ODI Cricket Match: साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत दमदार अंदाज में की. केर्न्स के मैदान पर खेले गए पहले वनडे में प्रोटियाज ने कंगारुओं को 92 रनों से मात देकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. यह मुकाबला खास रहा स्पिनर केशव महाराज के कातिलाना गेंदबाजी स्पेल के लिए, जिन्होंने पहली बार वनडे में पांच विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी.

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 296 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 82 रन बनाए. कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी जिम्मेदारी से खेलते हुए 74 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली. 

वहीं, मैथ्यू ब्रीट्जके ने 56 गेंदों पर 57 रन बनाकर टीम को मजबूती दी. मिडिल ऑर्डर से रयान रिकेल्टन ने 33 रन जोड़े, जबकि वियान मुल्डर ने 26 गेंदों पर तेज़तर्रार 31 रन बनाकर नाबाद लौटे. ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में ट्रैविस हेड सबसे सफल साबित हुए और 4 विकेट अपने नाम किए. उनके अलावा बेन ड्वार्शुइस ने 2 विकेट झटके.

प्रोटीज से मिले 297 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी रही और ओपनिंग जोड़ी ने 60 रन जोड़ दिए. ट्रैविस हेड 24 गेंदों पर 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. कप्तान मिचेल मार्श ने संघर्षपूर्ण पारी खेली और 96 गेंदों पर 88 रन बनाकर आखिरी तक टीम की उम्मीद बने रहे. हालांकि उनके आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई. 

केशव महाराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 33 रन खर्च कर 5 विकेट झटक लिए. उन्होंने मार्नस लाबुशैन (1), कैमरून ग्रीन (3), जोश इंग्लिस (5), एलेक्स कैरी (0) और आरोन हार्डी (4) को जल्दी-जल्दी पवेलियन भेजकर मैच का पासा पलट दिया. नतीजतन पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 40.5 ओवरों में 198 रन पर सिमट गई. मार्श के अलावा सिर्फ बेन ड्वार्शुइस (33 रन) और नाथन एलिस (14 रन) ही कुछ देर तक टिक पाए. गेंदबाजी में महाराज के अलावा लुंगी एनगिडी और नंद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

यह जीत साउथ अफ्रीका के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि कंगारुओं को उनकी ही जमीन पर रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा. पिछली बार 1994 में पर्थ में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 82 रनों से हराया था, लेकिन इस बार 92 रनों की शानदार जीत ने नया रिकॉर्ड बना दिया. 

साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने घरेलू मैदान पर 34 साल बाद रनों के लिहाज से इतनी बड़ी हार झेली. इस नतीजे के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और उसका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के सामने अगला मैच जीतकर वापसी करने की चुनौती होगी, वरना यह सीरीज उसके हाथ से निकल सकती है.


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Raihan

20 Aug 2025  ·  Published: 01:23 IST

Asia Cup 2025: अजमतुल्लाह उमरजई ने 20 गेंदों में जड़ा तूफानी अर्धशतक, अफगानिस्तान की जीत पक्की!

अफगानिस्तान की पारी में शॉट लगाते अजमतुल्ला और सिदकुल्ला

अफगानिस्तान की पारी में शॉट लगाते अजमतुल्ला और सिदकुल्ला

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के युवा ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने साबित कर दिया कि वह किसी भी बड़े टूर्नामेंट में टीम के लिए गेम चेंजर हो सकते हैं. हांगकांग के खिलाफ खेले गए मैच में उमरजई ने सिर्फ 20 गेंदों में विस्फोटक अर्धशतक जड़कर अफगानिस्तान को मुश्किल हालात से उबार दिया. यह पारी अफगानिस्तान की टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का अब तक का सबसे तेज अर्धशतक बन गया.

शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अजमतुल्लाह उमरजई ने 21 गेंद पर 5 छक्के और 2 चौकों की मदद से 53 रन बनाए. इससे पहले अफगानिस्तान की ओर से सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड मोहम्मद नबी और गुलाबदीन नायब के नाम था. नबी ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 21 गेंद पर अर्धशतक बनाया था, वहीं नायब ने 2024 में भारत के खिलाफ 21 गेंद पर अर्धशतक लगाया था.

अजमतुल्लाह उमरजई की इस धमाकेदार पारी ने अफगानिस्तान को 15 ओवर में संघर्षपूर्ण स्थिति से बाहर निकाला, जब टीम 4 विकेट पर 110 रन ही बना पाई थी. उमरजई के अर्धशतक और सेदिकुल्लाह अटल के नाबाद 73 रन की मदद से अफगानिस्तान ने 6 विकेट पर 188 रन तक का स्कोर खड़ा किया.

अजमतुल्लाह उमरजई अफगानिस्तान के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक हैं और टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं. उन्होंने अब तक 53 टी20 मैचों में 565 रन बनाए हैं, जिसमें उनका यह सबसे तेज अर्धशतक शामिल है. वहीं, 39 वनडे मैचों में उन्होंने एक शतक और 8 अर्धशतक लगाकर कुल 1,033 रन बनाए हैं. गेंदबाजी में भी उमरजई ने टी20 में 33 और वनडे में 37 विकेट लिए हैं.

अजमतुल्लाह उमरजई की इस पारी ने यह साबित कर दिया कि बड़े टूर्नामेंट में वह बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. 2023 में भारत में हुए वनडे विश्व कप में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए थे, वहीं चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी. इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ अजमतुल्लाह उमरजई ने एशिया कप 2025 में अपनी टीम की जीत की उम्मीदों को मजबूत किया और दर्शकों को अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का जोश दिखाया.

यह भी पढ़ें: बिग बॉस के मंच से शुरू हुआ अशनीर-सलमान विवाद, अब खत्म होगा?


BBDS Logo

Bindass Bol Dil Se

Written by: Raihan

09 Sep 2025  ·  Published: 23:26 IST